काढ़ागोला गुरुद्वारा साहिब में 4 सितंबर से निकलेगी प्रभात फेरी, 10 से सजेगा 422वां प्रकाश पर्व

WhatsApp Channel Join Now
काढ़ागोला गुरुद्वारा साहिब में 4 सितंबर से निकलेगी प्रभात फेरी, 10 से सजेगा 422वां प्रकाश पर्व


कटिहार, 30 अगस्त (हि.स.)। ऐतिहासिक गुरुद्वारा भवानीपुर गुरुबाजार, काढ़ागोला साहिब में आदि गुरु श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का 422वां पावन प्रकाश पर्व आगामी 10, 11 और 12 सितंबर 2026 को पूरी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस तीन दिवसीय मुख्य समागम के उपलक्ष्य में नगर और आसपास के क्षेत्रों में 04 सितंबर से 10 सितंबर तक प्रतिदिन अमृत वेले प्रातः 4:30 बजे भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

स्त्री सत्संग सभा द्वारा तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन 4 सितंबर (शुक्रवार) को प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से निकलकर शहीद भगत सिंह चौक, ब्लॉक, पंचमुखी हनुमान मंदिर गांधीग्राम, रेफरल अस्पताल चौक और सरदार अकवाल सिंह के आवास होते हुए गुरुद्वारा साहिब लौटेगी। दूसरे दिन 5 सितंबर (शनिवार) को बरारी क्षेत्र तथा तीसरे दिन 6 सितंबर (रविवार) को पोस्ट ऑफिस के पीछे वाले मोहल्ले में प्रभात फेरी का भ्रमण होगा। चौथे दिन 7 सितंबर (सोमवार) को प्रभात फेरी रेलवे अंडरपास, जायसवाल मोहल्ला, धर्मशाला मोहल्ला और धोबी टोला होते हुए वापस दरबार साहिब आएगी।

पांचवें दिन 8 सितंबर (मंगलवार) को प्रभात फेरी अस्पताल चौक व ब्लॉक मोहल्ला तथा छठे दिन 9 सितंबर (बुधवार) को जय जवान चौक गुरुबाजार और सरदार एकेन्द्र सिंह के आवास होते हुए दरबार साहिब पहुंचेगी। सातवें व अंतिम दिन 10 सितंबर (गुरुवार) को प्रभात फेरी सबद-कीर्तन का श्रवण कराते हुए आश्रमटोला बारीनगर, सरदार रंजीत सिंह के आवास और कालेश्वर सिंह के आवासीय मोहल्ले से होते हुए दरबार साहिब में संपन्न होगी। स्त्री सत्संग सभा ने समस्त साध संगत से प्रभात फेरी एवं तीन दिवसीय प्रकाश पर्व में सपरिवार शामिल होकर गुरु की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।

विशेष जानकारी के लिए 6204035009 अथवा 7004581410 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story