ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, दो की मौत, दो गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, दो की मौत, दो गंभीर


किशनगंज, 12 सितंबर (हि.स.)।कोचाधामन थाना क्षेत्र में शनिवार को नेशनल हाईवे पर टीटिहा पुल के समीप भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार कार के आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकराने के कारण हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की कार में चार लोग सवार थे। कार तेज गति से किशनगंज की ओर जा रही थी। टीटिहा पुल के पास चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कार में सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मृतकों एवं घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस उनकी पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है। सूचना मिलने पर कोचाधामन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार द्वारा ट्रक में पीछे से टक्कर मारे जाने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story