वाल्मीकिनगर में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, छह युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
वाल्मीकिनगर में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, छह युवक घायल


पश्चिम चम्पारण (बगहा) ,1 अक्टूबर(हि.स. )। बिहार के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नौरंगिया और वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के बीच जंगल में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गयी। भेड़िहारी कंपार्टमेंट के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में कार सवार छह युवक घायल हो गए,इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सभी युवक गोरखपुर से कार से वाल्मीकिनगर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल के रास्ते में तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। जंगल क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता भी जताई जा रही है।

बताया जाता है कि वाल्मीकिनगर और बगहा टाइगर रिजर्व (बीटीआर) क्षेत्र के जंगल मार्गों पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाती है। पूर्व में भी इन मार्गों पर वाहन दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों एवं अन्य वाहन चालकों से जंगल क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story