गुप्त नवरात्रि पर महाकाल मंदिर में मां स्कन्दमाता की विशेष पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
गुप्त नवरात्रि पर महाकाल मंदिर में मां स्कन्दमाता की विशेष पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


किशनगंज, 18 जुलाई (हि.स.)। गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में शनिवार को मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां स्कन्दमाता की विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने मां स्कन्दमाता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।

मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। गुप्त नवरात्रि के प्रथम दिन से ही मंदिर में प्रतिदिन मां भगवती की विशेष आराधना की जा रही है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति की प्रार्थना की। शाम को मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर जय माता दी और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आरती में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत ने बताया कि वर्ष में चार बार नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है, जिनमें गुप्त नवरात्रि का विशेष आध्यात्मिक और तांत्रिक महत्व माना जाता है। उन्होंने कहा कि जो भक्त श्रद्धा, विश्वास और सच्चे मन से मां भगवती की आराधना करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

उन्होंने बताया कि गुप्त नवरात्रि के दौरान महाकाल मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story