कटिहार रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: दो स्पेशल ट्रेनें हुईं नियमित, मनिहारी मेला स्पेशल के बढ़े फेरे

WhatsApp Channel Join Now


कटिहार, 24 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सीमांचल के यात्रियों और श्रावणी मेले के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देते हुए कटिहार होकर चलने वाली दो प्रमुख स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही मनिहारी गंगा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कटिहार-मनिहारी रूट पर मेला स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल ट्रेन को अब नए नियमित नंबर 11665/11666 के साथ आगामी 22 अक्टूबर से चलाया जाएगा। वहीं हापा-नाहरलगुन स्पेशल ट्रेन नए नियमित नंबर 19525/19526 के साथ 23 सितंबर से नियमित सेवा देगी। इसके अलावा श्रावणी मेले में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कटिहार-मनिहारी स्पेशल ट्रेन संख्या 07540/07539 के पांच और ट्रेन संख्या 07542/07541 के तीन अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।

दोनों लंबी दूरी की ट्रेनों के नियमित होने और कटिहार में ठहराव मिलने से मध्य भारत, गुजरात तथा पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सीधी और स्थायी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। रेलवे के इस निर्णय से सीमांचल क्षेत्र के आम यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सीधी व सुगम सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story