भागलपुर से आनंद विहार, पटना और जयपुर सहित कई मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर से आनंद विहार, पटना और जयपुर सहित कई मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू


भागलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)।

लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के साथ ही परदेश और अपने कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ भागलपुर रेलवे जंक्शन पर उमड़ने लगी है।

नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे प्रशासन ने भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली), पटना, जयपुर और साहिबगंज सहित अन्य प्रमुख मार्गों के लिए अनारक्षित और आरक्षित स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए आनंद विहार टर्मिनल (गाड़ी संख्या 04061/04062) के बीच 26 नवंबर तक विशेष ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है, जो शाम 4:30 बजे भागलपुर से प्रस्थान करती है। इसके अलावा, दिल्ली रूट पर यात्रियों की तत्काल भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भागलपुर से आनंद विहार के बीच वन-वे अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, जिससे बिना आरक्षण वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिल रही है।

सोमवार 16 नवंबर से अंग एक्सप्रेस के रैक से भागलपुर-पटना स्पेशल ट्रेन (03431) का परिचालन शुरू किया गया है, जो सुबह 11:10 बजे रवाना होकर सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर के रास्ते पटना जाएगी। इसके अतिरिक्त, 18 नवंबर को भागलपुर से जयपुर के लिए भी विशेष गाड़ी चलाई जाएगी। स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए भागलपुर और साहिबगंज के बीच (03453/03454) 20 नवंबर तक प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन का परिचालन जारी है।

छठ के बाद स्टेशन पर 20 से 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने भागलपुर जंक्शन का निरीक्षण कर सुरक्षा व यात्री सुविधाओं की समीक्षा की है। रेलवे प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक भीड़ से निपटने के लिए भागलपुर जंक्शन पर तीन रिजर्व रैक तैयार रखे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत अनारक्षित स्पेशल ट्रेन रवाना की जा सके। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेल प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story