सघन टिकट जांच अभियान मे बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया भारी जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
सघन टिकट जांच अभियान मे बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया भारी जुर्माना


भागलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले साहिबगंज–कहलगांव–भागलपुर रेलखंड एवं इस रूट से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों में एक वृहद एवं सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में इस विशेष कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

इस औचक चेकिंग अभियान से बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के बीच पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। मालदा डीविजन के पीआरओ ने शुक्रवार को बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान टिकट जांच टीम ने कुल 122 मामलों को पकड़ा। इन नियम उल्लंघनकर्ताओं से जुर्माने और किराए के रूप में कुल 77,780 का राजस्व वसूला गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी से काम किया।

इस अभियान की खास बात यह रही कि सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने केवल टिकट चेकिंग तक ही अपनी कार्रवाई को सीमित नहीं रखा। उन्होंने इस रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी बहुत बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और प्रतीक्षालयों का जायजा लिया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं को हमेशा दुरुस्त एवं बेहतर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

रेलवे प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता और रेल यात्रियों से एक बार फिर से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट खरीदकर ही यात्रा करें। अधिकारियों ने साफ किया है कि बिना टिकट यात्रा करना न केवल एक दंडनीय अपराध है बल्कि यह ईमानदार यात्रियों के अधिकारों का भी हनन है। अनाधिकृत यात्रा को रोकने और रेल राजस्व की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के विशेष और सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765335 Articles

Share this story