मालदा मंडल ने चलाया विशेष टिकट जाँच अभियान, 167 धरे गए, 1.34 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने, वैध टिकट लेकर यात्रा करने को प्रोत्साहित करने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने विभिन्न रेलखंडों और ट्रेनों में सघन टिकट जाँच अभियान शुरू किया है।
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के कुशल नेतृत्व में शनिवार को कहलगाँव – भागलपुर – मंदार हिल रेलखंड पर एक विशेष टिकट जाँच अभियान चलाया गया।
इस औचक कार्रवाई में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जाँच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी से हिस्सा लिया। अभियान के कारण बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 1670 मामले पकड़े गए। जिनसे जुर्माना के रूप में 1,34,345 वसूले गए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के विशेष अभियानों का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। इससे न सिर्फ रेलवे के यात्रा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित होता है, बल्कि उचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले आम यात्रियों को ट्रेनों में एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम माहौल मिलता है। इसके साथ ही त्योहारों के समय होने वाले राजस्व के नुकसान को भी रोका जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

