चलाया गया भागलपुर–गोड्डा खंड में सघन टिकट जांच अभियान
भागलपुर, 09 मई (हि.स.)। मालदा मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि बिना उचित टिकट यात्रा करना रेलवे नियमों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व संरक्षण के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से मंडल के विभिन्न खंडों में चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों की निरंतरता में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में शनिवार को गोड्डा, हंसडीहा, बाराहाट एवं धौनी स्टेशनों पर तथा भागलपुर–गोड्डा खंड में चलने वाली ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल के वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मियों एवं रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया, जिसमें बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने तथा रेलवे नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जांच की गई।
इस अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 65 मामले पकड़े गए, जिनसे 28,500 रुपया का जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से ऐसे सघन टिकट जांच अभियान आगे भी मंडल के विभिन्न खंडों में नियमित रूप से जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

