प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर जलालपुर में विशेष पूजा-अर्चना
सारण, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को पूरे सारण जिले में उत्सव का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह और ऊर्जा का संचार नजर आया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए भाजपा जिला इकाई सारण पश्चिमी द्वारा जलालपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसके तहत स्थानीय मंदिरों में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर विशेष पूजा-अर्चना तथा भव्य आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अब तक का कार्यकाल देश के इतिहास में एक बेमिसाल और स्वर्णिम उदाहरण रहा है। उन्होंने बताया किया कि आजादी के बाद देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता नरेंद्र मोदी ने आज देश की कमान संभालते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर सुदूर गांवों, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
सांसद ने सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज देश के हर कोने में, हर घर तक बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाया गया है। प्रधानमंत्री का एकमात्र संकल्प भारत को एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाना है।
इस पावन अवसर पर जलालपुर के मंदिरों में एकत्रित होकर सांसद, सारण पश्चिमी के जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी तथा कार्यकर्ताओं ने भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, विघ्नहर्ता गणेश, भगवान कार्तिकेय और प्रभु श्री राम से सामूहिक रूप से प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

