अमावस्या पर बूढ़ी काली मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा, उमड़े श्रद्धालु
किशनगंज, 14 जून (हि.स.)। शहर के लाइन स्थित बूढ़ी काली मंदिर सहित जिले के विभिन्न काली मंदिरों में रविवार को अमावस्या के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने मां काली सहित अन्य देवी-देवताओं की विधिवत पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। बूढ़ी काली मंदिर में मंदिर के पुरोहित मलय मुखर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां काली की विशेष पूजा संपन्न कराई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर में मां काली, मां शारदा, भगवान शिव एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति के सचिव शुभजीत शेखर, मनोज मजूमदार, साधन दास एवं कल्याण बोस ने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे अथवा अंतिम सप्ताह में अमावस्या पूजा का आयोजन किया जाता है। अमावस्या के अवसर पर विशेष उत्साह के साथ पूजा संपन्न कराई जाती है। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया।
पूजा कार्यक्रम में निखिल पाल, नवोजित मित्रा, अमित दास, कल्याण बोस सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इधर, खगड़ा ढेकाबिंजा, रूईधासा कालीतला, डुमरिया एवं रोलबाग स्थित मंदिरों में भी अमावस्या पूजा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। खगड़ा काली मंदिर में पुरोहित सन्नी झा ने पूजा कराई, जबकि गौतम साह एवं दीपक साह सहित अन्य श्रद्धालु आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे। वहीं डुमरिया काली मंदिर में पुरोहित सुबोल चक्रवर्ती ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। अमावस्या पूजा को लेकर सभी मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

