विशेष लोक अदालत में सात एनआई एक्ट मामलों का निष्पादन,  14.53 लाख रुपये की समझौता राशि तय

WhatsApp Channel Join Now
विशेष लोक अदालत में सात एनआई एक्ट मामलों का निष्पादन,  14.53 लाख रुपये की समझौता राशि तय


सुपौल, 21 नवंबर (हि.स.)। सुपौल न्यायमंडल में शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से संबंधित सात मामलों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। इन मामलों में कुल 14 लाख 53 हजार 925 रुपये की समझौता राशि निर्धारित की गई। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के साथ न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने की पहल की गई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आयोजित विशेष लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजेश कुमार बच्चन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी, सुपौल बार एसोसिएशन के सचिव, बार एसोसिएशन के सदस्य एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करना था। लोक अदालत में सुपौल मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय में चार मामलों तथा अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय, वीरपुर में तीन मामलों का निष्पादन किया गया।

उद्घाटन के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन ने विवादों के समाधान में आपसी सहमति एवं समझौते की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से पक्षकारों को विवादों का समाधान सरल एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से प्राप्त करने में मदद मिलती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अमित गौरव ने विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं संबंधित कर्मियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।

विशेष लोक अदालत में मामलों के निष्पादन से जहां पक्षकारों के बीच विवादों का शांतिपूर्ण समाधान हुआ, वहीं न्यायालयों में लंबित मुकदमों की संख्या कम करने में भी मदद मिली। इस प्रकार लोक अदालत आम लोगों को न्याय दिलाने का एक प्रभावी एवं सरल माध्यम साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story