मंडल कारा में विशेष स्वास्थ्य शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल

WhatsApp Channel Join Now
मंडल कारा में विशेष स्वास्थ्य शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल


किशनगंज, 04 मई (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को किशनगंज मंडल कारा में विशेष स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बंदियों की टीबी, एचआईवी, सिफिलिस एवं हेपेटाइटिस की जांच की गई, जिससे संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम का पर्यवेक्षण सीडीओ डॉ. मंजर आलम ने किया।उन्होंने शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि सभी बंदियों की जांच गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति जांच और उपचार से वंचित न रहे, खासकर ऐसे स्थानों पर जहां संक्रमण का खतरा अधिक रहता है।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए जिले में लगातार स्क्रीनिंग, जागरूकता और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार या कमजोरी हो, तो तुरंत जांच कराएं। जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर संक्रमण की रोकथाम की जा रही है। साथ ही उन्होंने आम लोगों से लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच कराने की अपील की। शिविर के दौरान बंदियों को टीबी, एचआईवी, सिफिलिस और हेपेटाइटिस के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जागरूक किया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और नियमित उपचार से इन बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से यह स्पष्ट है कि टीबी मुक्त भारत अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिससे एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story