मालदा रेल मंडल ने स्वच्छता पखवाड़ा और विशेष अभियान 6.0 के तहत चलाया व्यापक अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मालदा रेल मंडल ने स्वच्छता पखवाड़ा और विशेष अभियान 6.0 के तहत चलाया व्यापक अभियान


भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों और रेल परिसरों में व्यापक स्वच्छता अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। यह पूरा अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन) प्रदीप दास की देखरेख में संपन्न हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कचरे के उचित निस्तारण को बढ़ावा देना और स्वच्छ रेल परिवेश के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत भागलपुर स्टेशन के नाथनगर छोर पर रेलवे पटरियों के दोनों ओर विशेष सफाई और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान ट्रैक के आसपास रहने वाले स्थानीय निवासियों को पटरियों और समीपवर्ती क्षेत्रों में घरेलू अपशिष्ट व कूड़ा-कचरा न फेंकने की सख्त सलाह दी गई। उन्हें जागरूक किया गया कि वे अपने घरों का कचरा केवल निर्धारित नगरपालिका संग्रहण केंद्रों पर ही डालें। इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ सफाई मित्रों, पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (ईएनएचएम) के कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मालदा मंडल के भागलपुर, मालदा टाउन, न्यू फरक्का, साहिबगंज और जमालपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर पटरियों, सर्कुलेटिंग एरिया, डस्टबिन और नालियों की सघन सफाई की गई। इस अभियान के दौरान स्टेशनों के समग्र स्वरूप को सुधारने के लिए दीवारों और खंभों पर लगे अवैध पोस्टरों व विज्ञापनों को हटाया गया। मालदा रेल मंडल ने इन प्रयासों के माध्यम से कचरे के जिम्मेदाराना निस्तारण और स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story