अमनौर में 28 फरवरी को लगेगा विशेष शिविर दिव्यांगों के बीच बँटेंगे सहायक उपकरण

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के सौजन्य से आगामी 28 फरवरी को जिले के अमनौर स्थित सामुदायिक भवन में एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस शिविर में उन दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाएगा, जिनका चयन पूर्व में निर्धारित पात्रता और सरकारी प्रक्रिया के तहत किया जा चुका है। शिविर के दौरान एलिम्को द्वारा मोटराइज्ड ट्राईसाईकल, सामान्य ट्राईसाईकल, श्रवण यंत्र, कैलिपर एवं अन्य कृत्रिम अंग, अन्य विभिन्न प्रकार के सहाय्य उपकरणों का वितरण किया जाएगा।

शिविर के सफल और पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयोजन की निगरानी और समन्वय के लिए जिला प्रशासन प्रखंड विकास पदाधिकारी अमनौर और जिला प्रबंधक बुनियाद केंद्र सदर छपरा को नोडल पदाधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी है। विशेष शिविर का लक्ष्य पात्र दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story