किशनगंज में नई पुलिस टीम तैयार, थानों और अंचलों में बदले गए प्रभारी

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में नई पुलिस टीम तैयार, थानों और अंचलों में बदले गए प्रभारी


किशनगंज, 09 जून (हि.स.)। सीमावर्ती जिला किशनगंज में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस अंचलों में कार्यरत पुलिस निरीक्षकों और पुलिस अवर निरीक्षकों का तबादला करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस बदलाव के बाद जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस व्यवस्था की तस्वीर बदल गई है। मंगलवार को एसपी द्वारा जारी सूची के अनुसार, जिला मुख्यालय के सबसे महत्वपूर्ण सदर थाना किशनगंज की कमान पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है। उन्हें नए थानाध्यक्ष के रूप में पदस्थापित किया गया है। वहीं, इजहार आलम को कोचाधामन थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।भारत-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील टेढ़ागाछ थाना की कमान दिलशाद खान को सौंपी गई है, जहां सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण बड़ी चुनौती मानी जाती है। फेरबदल केवल थानों तक सीमित नहीं रहा। पुलिस प्रशासन ने सुपरवाइजरी स्तर पर भी बदलाव करते हुए बहादुरगंज एवं सदर अंचल में नए अंचल पुलिस निरीक्षकों की तैनाती की है। इससे अधीनस्थ थानों की निगरानी और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

कई अधिकारियों का स्थानांतरण उनकी निर्धारित दो वर्ष की कार्यावधि पूरी होने के कारण किया गया है। इसके अलावा लंबे समय से रिक्त चल रहे महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए भी यह कदम उठाया गया है।अधिकारियों का मानना है कि नई टीम के गठन से जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा पुलिसिंग की गति बढ़ेगी। नए पदाधिकारियों के सामने शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, बाइक चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की चुनौती रहेगी। पुलिस महकमे के इस व्यापक फेरबदल पर अब जिलेवासियों और प्रशासन की नजरें टिकी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story