जनता दरबार में एसपी संतोष कुमार का सख्त संदेश, शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनता दरबार में एसपी संतोष कुमार का सख्त संदेश, शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश


किशनगंज, 26 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस कार्यालय, किशनगंज में जनता दरबार आयोजित किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्रस्तुत आवेदनों का अवलोकन कर उनके निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान एसपी संतोष कुमार ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने मामलों की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कदम उठाते हुए शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने पर जोर दिया, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जनता दरबार को पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। एसपी के निर्देशों से शिकायतकर्ताओं को न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story