क्राइम मीटिंग में एसपी के सख्त निर्देश, गृहभेदन कांडों के उद्भेदन के लिए बनेगी एसआईटी

WhatsApp Channel Join Now
क्राइम मीटिंग में एसपी के सख्त निर्देश, गृहभेदन कांडों के उद्भेदन के लिए बनेगी एसआईटी


किशनगंज, 08 अगस्त (हि.स.)।

पुलिस सभागार, किशनगंज में जुलाई माह की अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और विधि-व्यवस्था को लेकर कई सख्त निर्देश दिए गए।

एसपी संतोष कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को अवैध लॉटरी के खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति को चिह्नित कर जब्ती की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव न्यायालय को भेजने को कहा गया। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सक्रिय करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, ड्रग्स फ्री कैंपस अभियान और प्रत्येक सप्ताह जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

किशनगंज एवं बहादुरगंज थाना क्षेत्र में चोरी और गृहभेदन के लंबित मामलों का शीघ्र उद्भेदन करने के लिए SIT गठित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कुख्यात एवं गंभीर अपराधों के आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें सजा दिलाने तक पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी ने सभी थानों में बीट एवं सेक्टर व्यवस्था मजबूत करने, प्रभावी गश्ती, डायल-112 से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

इंडो नेपाल सीमा पर फर्जी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं फर्जी कंपनियों के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने और सीमा पर निगरानी बढ़ाने को भी कहा गया। वहीं महिला थाना को छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी की भूमिका में कार्य करने, पोस्को एवं एससी/एसटी एक्ट के मामलों का समय पर निष्पादन तथा मानव तस्करी और देह व्यापार के विरुद्ध एएचटीयू को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

श्रावणी मेला और जन्माष्टमी को देखते हुए विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस दौरान मद्य निषेध में प्रभावी कार्रवाई के लिए पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता को पुरस्कृत किया गया।पुलिस सभा में कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story