थाना गोद योजना के तहत कोचाधामन पहुंचे एसपी

WhatsApp Channel Join Now
थाना गोद योजना के तहत कोचाधामन पहुंचे एसपी


किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कोचाधामन थाना को गोद लिया है।

इस पहल का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, आधुनिक, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना है। इसी क्रम में एसपी ने कोचाधामन थाना पहुंचकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की तथा कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान एसपी ने थाने में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं (आईओ) के साथ व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा केस डायरी को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि अपराध अनुसंधान में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिल सके और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिले।

एसपी ने डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए थाने की कार्यप्रणाली को अधिकाधिक हाईटेक एवं पेपरलेस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न तकनीकी उपकरणों और सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग के माध्यम से पुलिस कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने की बात कही। मालखाना प्रबंधन की समीक्षा करते हुए एसपी ने जब्त सामानों एवं वाहनों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा नियमानुसार उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

साथ ही विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्ती को और अधिक सक्रिय एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि थाना गोद लेने का मुख्य उद्देश्य कोचाधामन थाना को एक मॉडल थाना के रूप में विकसित करना है, जहां आम लोगों को न्याय और पुलिस सहायता के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी तथा चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह सहित सभी सब-इंस्पेक्टर, सहायक सब-इंस्पेक्टर एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story