सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की हुई बैठक


सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की हुई बैठक


सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की हुई बैठक


सारण, 26 मई (हि.स.)। सोनपुर में पूर्व मध्य रेल की मंडल संसदीय समिति की एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने की।

बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, सांसद वीणा देवी, सांसद तारिक अनवर और सांसद राजेश वर्मा सहित सोनपुर मंडल के 100 से अधिक वरीय रेल अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।

इस बैठक में मुख्य रूप से रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशनों के आधुनिकीकरण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न नीतिगत विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

रेलवे प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण और बंद होने वाले रेलवे फाटकों के बदले बनने वाले वैकल्पिक मार्गों की वर्तमान स्थिति पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

यात्री सुरक्षा को लेकर बैठक में एक बड़ा फैसला सामने आया। सांसद राजीव प्रताप रूडी द्वारा सीसीटीवी कैमरों की केंद्रीयकृत निगरानी पर मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब देते हुए अधिकारियों ने बताया कि छोटे-बड़े सभी स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके लिए एक सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

बैठक में बछवाड़ा-कटिहार रेलखंड पर चौथी रेल लाइन निर्माण की योजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित स्टेशनों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई।

जनप्रतिनिधियों और रेलवे के बीच बेहतर तालमेल के लिए यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक सांसद के क्षेत्र की रेल योजनाओं और समस्याओं के समन्वय हेतु रेलवे प्रशासन द्वारा एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, सोनपुर आयोजना क्षेत्र में नई पटरी बिछाने और प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप को रेलवे नेटवर्क से जोड़कर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी प्रारंभिक विमर्श हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story