हरिहरनाथ मंदिर में 11 मई को मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 10 मई (हि.स.)। सोमनाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग बिहार सरकार द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर सोनपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अध्यात्म और संस्कृति का एक अनूठा संगम होगा।

उपनिदेशक सूचना जनसंपर्क रविंद्र कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह समारोह 11 मई 2026 को आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:00 बजे से होगा।

इस पर्व का मुख्य आकर्षण सोमनाथ मंदिर से होने वाला सीधा प्रसारण होगा जिससे श्रद्धालु सीधे जुड़ कर साक्षात् सोमनाथ महादेव के दर्शन और उत्सव का आनंद उठा सकेंगे।

आयोजन में भक्ति संगीत, स्तुति गान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी जो वातावरण को पूरी तरह शिवमय बनाएगी। जिला प्रशासन ने इस ऐतिहासिक उत्सव को सामूहिक रूप से मनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं से सादर सहभागिता का अनुरोध किया है। आयोजन को लेकर व्यवस्थित प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story