जिलाधिकारी ने जन-सुनवाई कार्यक्रम में 26 लोगों की समस्याओं का किया निदान

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने जन-सुनवाई कार्यक्रम में 26 लोगों की समस्याओं का किया निदान


नालंदा, बिहारशरीफ 05 नवंबर (हि.स.)।जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में आज गुरुवार को आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं उनकी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से जिलाधिकार की अध्यक्षता में जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों से पहुंचे कुल 26 फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी आवेदकों की बातें सुनीं तथा संबंधित मामलों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किये जाएंगे।जन-सुनवाई में मुख्य रूप से पिता द्वारा प्रताड़ित किए जाने, जर्जर सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण, इंदिरा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने, आवासीय सूची से नाम हटाए जाने तथा सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार वाहन से हुई मृत्यु के उपरांत मुआवजा राशि नहीं मिलने से संबंधित मामले सामने आए।

प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के लिए पिता द्वारा प्रताड़ित किए जाने के मामले में जिला परियोजना प्रबंधक, महिला विकास निगम, बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं, जर्जर सामुदायिक भवन के निर्माण से संबंधित मामले में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, नालंदा को कार्रवाई करने को कहा गया है।इसी प्रकार, इंदिरा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने एवं आवासीय सूची से नाम हटाए जाने की शिकायतों पर उप विकास आयुक्त, नालंदा को आवश्यक निर्देश दिए गए।सड़क दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत मुआवजा राशि नहीं मिलने से संबंधित मामलों में जिला परिवहन पदाधिकारी, नालंदा को त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story