सोलर मेला का आयोजन, सोलर पैनल उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
अररिया 13 अगस्त(हि.स.)।अररिया विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के प्रांगण में गुरुवार को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर मेला का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन डीएम विनोद दूहन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने मेला में पहुंचकर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, लागत, सब्सिडी एवं ऋण सुविधा की जानकारी प्राप्त की।
सोलर मेला में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए पंजीकृत 14 वेंडरों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। स्टॉल पर उपभोक्ताओं को सोलर पैनल, इनवर्टर सहित अन्य उपकरणों की जानकारी देने के साथ ही संयंत्र लगाने में आने वाले खर्च के संबंध में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर डीएम ने मेला में उपस्थित बिजली उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को 1 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर 30 हजार की सब्सिडी दी जाती है। इसके अतिरिक्त अब बिहार सरकार द्वारा भी 10 हजार प्रति किलोवाट की सब्सिडी की घोषणा की गई है। इस प्रकार एक किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर उपभोक्ताओं को कुल 40 हजार रूपये, 2 किलोवाट पर 80 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर अधिकतम 98 हजार तक की सब्सिडी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सोलर पैनल लगवाने के बाद शून्य बिजली बिल प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, पीएम सूर्यघर योजना के तहत योग्य आवेदकों को ऋण उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा एवं एडीबी शाखा तथा ग्रामीण बैंक को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, अररिया में सर्वाधिक 11 रूफटॉप सोलर पैनल प्लांट स्थापित करने वाले पंजीकृत वेंडर अर्बन टेक इंडस्ट्रियल सर्विसेज एलएलपी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

