छपरा में 20 अप्रैल को सोलर लोन मेला का होगा आयोजन
सारण, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं विद्युत आपूर्त्ति अंचल के तत्वावधान में आगामी 20 अप्रैल 2026 को छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में एक सोलर लोन मेला आयोजित किया जा रहा है।
उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को धरातल पर उतारना है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव होंगे। इस मेले की विशेषता यह है कि ऑन-द-स्पॉट विभिन्न बैंकों के स्टॉल के माध्यम से उपभोक्ताओं को सोलर पैनल हेतु आसान किस्तों और आकर्षक ब्याज दरों पर लोन उपलब्ध कराएंगे।
योजना के तहत उपभोक्ताओं को 30,000 से 78,000 तक की सब्सिडी दी जाएगी जिससे 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ उठाया जा सकता है। मेले में विभिन्न वेंडर्स द्वारा तकनीकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जहाँ विशेषज्ञ आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे। यह आयोजन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

