बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति, कटिहार में पूर्व डिप्टी सीएम और डीएम ने किया सोलर मेले का भव्य शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति, कटिहार में पूर्व डिप्टी सीएम और डीएम ने किया सोलर मेले का भव्य शुभारंभ


कटिहार, 13 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत डी.सी.आर. भवन परिसर में बुधवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक दिवसीय सोलर मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधियों और जिला पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

मेले के दौरान उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए, जहां सरकार द्वारा एक किलोवाट क्षमता पर तीस हजार रुपये, दो किलोवाट क्षमता पर साठ हजार रुपये और तीन किलोवाट क्षमता पर अठत्तर हजार रुपये की आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही संयंत्र लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से पांच दशमलव पचहत्तर प्रतिशत से सात प्रतिशत तक की बेहद कम ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने का विकल्प भी रखा गया है, जिसमें शून्य से एक सौ पचास यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए एक से दो किलोवाट, एक सौ पचास से तीन सौ यूनिट के लिए दो से तीन किलोवाट तथा तीन सौ से अधिक यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए तीन किलोवाट से अधिक क्षमता के सोलर प्लांट का सुझाव दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा का उपयोग कर अपने बिजली बिल को शून्य या कम करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया तथा अधिक से अधिक नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने का अनुरोध किया गया। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उनैस फरवरी दो हजार चौबीस को शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वित्तीय वर्ष दो हजार छब्बीस-सत्ताईस तक देश के एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से ऊर्जावान बनाने का लक्ष्य है, जिससे उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story