सामाजिक कार्यकर्ता दिगंबर चौधरी के निधन से ग्रामीण क्षेत्र में शोक

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक कार्यकर्ता दिगंबर चौधरी के निधन से ग्रामीण क्षेत्र में शोक


दरभंगा , 02 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड के कुर्सो नदियामी गांव के वार्ड संख्या 4 निवासी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता दिगंबर चौधरी उर्फ बौआ भैया के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। सामाजिक सरोकार से जुड़े दिगंबर चौधरी ग्रामीण क्षेत्र के सार्वजनिक जीवन में काफी सक्रिय थे। लोगों की सहायता करने के साथ ही विवाह, जन्म-मृत्यु, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में वे बढ़-चढ़कर भाग लेते थे।

उनके निधन से समाज में एक खालीपन उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि सहज, मिलनसार एवं निस्वार्थ भाव से लोगों के कार्यों में सहयोग करने वाले व्यक्ति का निधन समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनके निधन पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी लालकांत झा ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बौआ भैया सामाजिक कार्यों में सदैव लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते थे।

इधर, निधन की सूचना मिलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story