झपटमार ने बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीना, एक आरोपी पकड़ाया, दूसरा फरार
भागलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहिया पुल का है, जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े झपटमारों ने एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया।
पीड़िता मकरमडी निवासी ब्यूटी कुमारी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ डॉक्टर के पास आई थी। इसी दौरान लोहिया पुल पर भीड़ का फायदा उठाकर दो झपटमार उनके पास पहुंचे। एक बदमाश ने बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काट लिया और अपने साथी को दे दिया। दूसरा आरोपी लॉकेट लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी जुट गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

