स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 849 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 849 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहकुण्ड थाना क्षेत्र के बनामा मोड़ के पास छापेमारी कर 849 ग्राम गांजा के साथ एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित मृत्युंजय कुमार उर्फ सागर सिंह (निवासी- बनामा, थाना- शाहकुण्ड, जिला- भागलपुर) है। उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को विधी व्यवस्था डीएसपी ने दी।

डीएसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर महाअभियान चलाया जा रहा है इसी क्रम में शाहकुण्ड पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मृत्युंजय कुमार अपने घर में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) और शाहकुण्ड थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनामा मोड़ स्थित आरोपी के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 849 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही दबोच लिया।

शाहकुण्ड पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story