भागलपुर में 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि सबौर थाना पुलिस ने ब्रह्मदेव होटल के पास छापेमारी कर 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक कुख्यात नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सबौर थाना क्षेत्र के सरधो गांव निवासी पंचानंद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। डीएसपी विधि व्यवस्था नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सबौर थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव होटल के समीप भारी मात्रा में मादक पदार्थों (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री किए जाने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख वहां मौजूद युवक तेजी से भागने लगा। मुस्तैद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और खदेड़कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार युवक पंचानंद कुमार की जब मौके पर ही तलाशी ली गई, तो उसके पास से 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) की भारी खेप बरामद हुई।
डीएसपी ने बताया कि जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उसके पूरे सिंडिकेट और फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है। इस धंधे में शामिल अन्य नेटवर्क के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

