200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 01 जून (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लेकर एक व्यक्ति सबौर थाना क्षेत्र में आने वाला है।

सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था, सबौर थाना और डीआईयू टीम के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने सबौर थाना क्षेत्र के पंचमुखी के समीप घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत तांती के रूप में हुई है, जो हबीबपुर थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना इलाके का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लाकर अपने क्षेत्र में उसकी खरीद-बिक्री करता था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सिटी एसपी ने बताया की नशे के कारोबार पर भागलपुर पुलिस का प्रहार जारी है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story