भारत-नेपाल सीमा पर ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, लाखों की सामग्री बरामद
किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे दिघलबैंक क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत एसएसबी और कोढ़ोबाड़ी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नगदी और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी जी कंपनी सिंघीमारी और कोढ़ोबाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सामेद टोला निवासी जान मोहम्मद, पिता अब्दुल सामेद, के घर पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान टीम ने 43.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों ने मौके से 62 हजार 900 भारतीय रुपए नकद, 17 हजार 200 नेपाली मुद्रा, 11 कतरी रियाल तथा 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी जान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका संबंध सीमा पार संचालित किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। अधिकारियों का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्कर नेपाल सीमा का उपयोग मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के लिए कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस लगातार संयुक्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इस अभियान में कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष संतोष कुमार तथा एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार सहित एसएसबी और पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

