अवैध मादक पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है।
टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के डे-मार्केट के पास पौआखाली मोड़ की ओर जाने वाली सड़क पर वाहन जांच के दौरान 200 ग्राम एमडीएमए जैसे अवैध मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद एमडीएमए की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और डिजिटल माप-तौल मशीन भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि डे-मार्केट, पौआखाली मोड़ के समीप अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों द्वारा एमडीएमए की बड़ी खेप की डिलीवरी की जानी है।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ किशनगंज मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ, कोचाधामन थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पौआखाली मोड़ की ओर जाने वाली पक्की सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर वाहन घुमाकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 200 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुर्बान अली, पिता फरमान अली, निवासी मौजाबाड़ी, थाना कोचाधामन के रूप में हुई है। मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 428/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर एमडीएमए की आपूर्ति करने और आगे खपाने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अपराध से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

