13 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
13 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त


किशनगंज, 20 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठाकुरगंज पुलिस ने दिवा गश्ती के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 13 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहमत अली, पिता मोहम्मद हशीम, निवासी बाघमारा वार्ड संख्या-07, थाना ठाकुरगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 4.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी को थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई।

इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ठाकुरगंज पुलिस ने बताया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story