एसएसबी और फुलकाहा पुलिस के संयुक्त अभियान में 20.84 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी और फुलकाहा पुलिस के संयुक्त अभियान में 20.84 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार


अररिया 19 अक्टूबर(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी फुलकाहा और स्थानीय थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की।गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में भारी मात्रा में स्मैक और नकदी के साथ एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसएसबी मुख्यालय की ओर से दी गई जानकारी के तहत एसएसबी को जानकारी मिली कि मानिकपुर गांव में अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसबी और फुलकाहा पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 189 से लगभग दो किलोमीटर भारत की तरफ मानिकपुर गांव में घेराबंदी की।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया और अपने पास मौजूद काला पॉलीथीन पास ही के धान के खेत में फेंक दिया। सुरक्षा बलों की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से और फेंके गए पॉलीथीन से 20.84 ग्राम स्मैक,दो हजार 580 भारतीय मुद्रा,1890 नेपाली मुद्रा,एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मादक पदार्थ जांच किट द्वारा जब्त सामग्री की पुष्टि मादक पदार्थ के रूप में हुई।गिरफ्तार किया गया तस्कर फुलकाहा थाना क्षेत्र के ही मानिकपुर वार्ड संख्या 11 का रहने वाला 26 वर्षीय विकाश यादव पिता लक्ष्मी यादव है।शुरुआती पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि मानिकपुर गांव के ही एक अन्य व्यक्ति से यह सामग्री लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने का कार्य कर रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त एवं बरामद सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद फुलकाहा थाना के सुपुर्द किया गया ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story