एसएसबी और बसमतिया पुलिस के संयुक्त अभियान में 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी और बसमतिया पुलिस के संयुक्त अभियान में 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


अररिया 07 सितम्बर(हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर गश्ती अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी बेला की टीम और बसमतिया थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में सोमवार को 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

एसएसबी और बसमतिया पुलिस ने यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 198/2 के पास किया।तस्कर को अवैध मादक पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

सटीक सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने त्वरित घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोका। राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति और स्वतंत्र गवाहों के समक्ष की गई नियमानुसार तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पारदर्शी प्लास्टिक में रखा संदिग्ध चिपचिपा पदार्थ बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर उक्त पदार्थ की पुष्टि ब्राउन शुगर के रूप में हुई।

एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी में गिरफ्तार तस्कर बेला वार्ड संख्या पांच निवासी 34 वर्षीय राजू मंडल पिता रामनारायण मंडल के रूप में पहचान की गई है।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि अभियुक्त उक्त मादक पदार्थ को भारत से नेपाल ले जाने का कार्य कर रहा था। गश्ती अभियान में एसएसबी की तरफ से सहायक उप-निरीक्षक केल्हौलेली चातसु एवं तीन अन्य कार्मिक तथा बिहार पुलिस की तरफ से सब इंस्पेक्टर शिव शंकर पंडित एवं दो अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

सभी वैधानिक औपचारिकताओं एवं जब्ती सूची की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त ब्राउन शुगर तथा गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना बसमतिया के सुपुर्द किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story