193 ग्राम स्मैक,44 हजार 600 रूपये नगद के साथ तस्कर गिरफ्तार
अररिया 27 मई(हि.स.)।
अररिया एसपी जितेंद्र कुमार के द्वारा पूरे जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में जिले की पलासी थाना पुलिस ने 193 ग्राम स्मैक, 44 हजार 600 रूपये,इलेक्ट्रॉनिक तराजू,एक मोबाइल,पैकिंग हेतु चाकू और कैंची के साथ बरहट वार्ड संख्या तीन के रहने वाले तस्कर 35 वर्षीय मो.अफाक पिता मो.अक्लिम को गिरफ्तार किया।
जानकारी बुधवार शाम को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने दी। सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि पोतिया निवासी राहुल यादव के घर में भारी मात्रा में स्मैक लाकर छोटी छोटी प्लास्टिक में पैक कर बिक्री करने का धंधा किया जा रहा है।
सूचना पर पलासी थाना की एक टीम ने उनके घर की घेराबंदी की।पुलिस की दबिश को देखकर राहुल यादव पीछे से घर का दीवाल फांदकर भाग निकला।जबकि मौके से मो.अफाक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में 12 पैकेट में से 193 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू,एक मोबाइल, पैकिंग हेतु प्रयुक्त किए जाने वाला चाकू और कैंची के साथ एक अपाचे मोटरसाइकिल संख्या बीआर 38 एए 2193 बरामद किया गया। मामले को लेकर पलासी थाना में एनडीपीएस के विभिन्न धारा में कांड संख्या 227/26 दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार,सब इंस्पेक्टर रौशन कुमार,विजय कुमार यादव के साथ सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

