स्कॉर्पियो से 330 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
अररिया 16 जुलाई(हि.स.)। जिले की कुर्साकांटा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर आज गुरुवार को सिकटी सीमावर्ती क्षेत्र से होकर आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से 330 किलो गांजा का बड़ा खेप बरामद किया।मामले में पुलिस ने मो.शमीम नामक तस्कर को गिरफ्तार किया है,जो कटिहार का रहने वाला है।यह कार्रवाई कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में थाना की पूरी पुलिस टीम ने स्टैंड चौक के समीप नाकाबंदी कर की।
कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकटी के सीमावर्ती क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो गाड़ी कटिहार जा रही है और इस गाड़ी में गांजा का बड़ी मात्रा में खेप लोड है।सूचना पर कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने पुलिस अधिकारी और बलों के साथ तेजी से स्टैंड चौक के समीप बेरीकेडिंग कर गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू की।इसी क्रम में तेजी से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या बीआर 11 बीटी 7637 को रुकवाकर उनकी तलाशी लेनी शुरू की तो उसमें से गांजा के कई पैकेट बरामद हुए।
बरामद गांजा का कुल वजन 330 किलोग्राम है।मामले में स्कॉर्पियो चालक तस्कर मो.शमीम को गिरफ्तार किया गया है,जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।पुलिस गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

