सदर अस्पताल में स्मार्ट पैथोलॉजी सेवा शुरू, अब मरीजों को मोबाइल पर ही मिलेगी जांच रिपोर्ट
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को राहत देते हुए छपरा सदर अस्पताल में पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक पैथोलॉजी हब की शुरुआत की है। अब मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जांच पूर्ण होते ही रिपोर्ट का लिंक सीधे मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस द्वारा भेज दिया जाएगा, जहां से इसे घर बैठे डाउनलोड किया जा सकता है।
साइंस हाउस लेबोरेटरी के सहयोग से संचालित इस हब के जरिए ग्रामीण व प्रखंडस्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों अनुमंडलीय, सीएचसी, पीएचसी से भी सैंपल एकत्र कर सदर अस्पताल लाए जा रहे हैं। वर्तमान में आधुनिक मशीनों से 87 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिन्हें जल्द बढ़ाकर 135 करने की योजना है। इसके अलावा अगले दिन संबंधित केंद्रों पर हार्ड कॉपी भी भेजी जाती है।
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी और डीपीएम अरविन्द कुमार ने बताया कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य मरीजों को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण सेवा देना है। निजी लैबों पर निर्भरता समाप्त होने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के समय और पैसों की भारी बचत हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

