स्मैक के दो धंधेबाज गिरफ्तार, 14 पुड़िया और 90 हजार नकद बरामद
भागलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इशाकचक थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास छापेमारी कर पुलिस ने दो स्मैक कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 पुड़िया स्मैक और 90 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने दी।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौजूद युवक भागने लगे लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इशाकचक पासी टोला निवासी छोटू चौधरी और व्यायामशाला झोपड़पट्टी निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 4.12 ग्राम स्मैक बरामद की गई। साथ ही 90 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। जिसे पुलिस स्मैक बिक्री की रकम मान रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बंगाल से स्मैक लाकर भागलपुर में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

