200 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतर-जिला तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
200 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतर-जिला तस्कर गिरफ्तार


कटिहार, 28 मई (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कटिहार जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला अंतर्गत रोशना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतर-जिला तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रोशना थानाध्यक्ष को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति पश्चिम बंगाल की सीमा की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर महानंदा चेक पोस्ट की तरफ आ रहे हैं। इस गोपनीय सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ महानंदा चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर दो युवकों ने घबराकर तेजी से भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए खदेड़कर पकड़ लिया। जब पुलिस द्वारा पकड़े गए व्यक्तियों की विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके पास से 200 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान खगड़िया जिले के निवासी के रूप में बताई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में गुलाशन कुमार (19 वर्ष), पिता- अवधेश महतो, निवासी- हरिपुर, थाना- अलौली, जिला- खगड़िया एवं

सुमन कुमार (20 वर्ष), पिता- अरविंद सिंह, निवासी- हरिपुर, थाना- मानसी, जिला- खगड़िया शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story