सो रहे व्यक्ति काे बदमाशों ने मारी गोली, एक आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सो रहे व्यक्ति काे बदमाशों ने मारी गोली, एक आरोपित गिरफ्तार


सुपौल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सुपौल में देर रात सो रहे एक व्यक्ति को बदमाशों ने गर्दन में गोली मार दी। घटना प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 14 में हुई। गोली लगने से घायल लक्ष्मण पंडित की हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें सहरसा स्थित सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात लक्ष्मण पंडित सो रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी गर्दन में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान और घटना में उसकी कथित भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

एसडीपीओ पवन कुमार ने रविवार सुबह बताया कि पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story