नालंदा जिले के राजगीर में मलमास मेला की 7 करोड़ की हुई बंदोबस्ती
नालंदा, बिहारशरीफ 06 अप्रैल (हि.स.)। नालंदा जिले के एतिहासिक राजकीय मलमास मेला राजगीर की बंदोबस्ती सोमवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में खुली डाक प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न कराई गई।
इस प्रक्रिया में सर्वाधिक बोली लगाकर संजय कुमार सिंह ने मेला बंदोबस्ती हासिल कर ली।मेला बंदोबस्ती को लेकर इस बार ठेकेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मुख्य रूप से दो गुटों ने बोली प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें पुराने ठेकेदार संजय कुमार सिंह और राकेश कुमार शामिल थे।
प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित राशि 7 करोड़ 30 लाख रुपये रखी गई थी। खुली डाक के दौरान संजय कुमार सिंह ने 7 करोड़ 32 लाख 41 हजार रुपये की सर्वोच्च बोली लगाई, जबकि राकेश कुमार ने 7 करोड़ 32 लाख 21 हजार रुपये तक बोली लगाई। इस प्रकार मात्र 20 हजार रुपये के अंतर से संजय कुमार सिंह को मेला की बंदोबस्ती मिल गई।
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सभागार में केवल अधिकृत पदाधिकारियों एवं डाक वक्ताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, नगर परिषद के मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।गौरतलब है कि राजगीर का मलमास मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस वर्ष मेला का आयोजन 17 मई से 15 जून तक प्रस्तावित है।
इसके सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन लगातार समीक्षा बैठकें कर तैयारियों का जायजा ले रहा है तथा मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

