विशु राउत सेतु पहुंच पथ पर पलटा सीएनजी ऑटो, छह कांवरिया घायल, एक की हालत गंभीर
भागलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। विशु राउत सेतु पहुंच पथ पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवगछिया प्रखंड के कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन चौक के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण एक सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार छह कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायल श्रद्धालु मधेपुरा जिले के बरेली बाजार के निवासी हैं। वे सभी महादेवपुर घाट से पवित्र गंगाजल लेकर मधेपुरा स्थित सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मिलन चौक के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना में घायल होने वालों में जोगेंद्र महतो के पुत्र सरोज कुमार, उनकी पत्नी चंदन कुमारी, पुत्री सोनाक्षी कुमारी, दुखन महतो की पत्नी सुनीता देवी और जोगेंद्र महतो के पुत्र विनोद कुमार सहित छह लोग शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और कदवा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई। सभी घायलों को तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सरोज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया। घायलों ने बताया कि कदवा मिलन चौक के पास सड़क पूरी तरह जर्जर है। सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में ऑटो का पहिया अचानक चला गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। स्थानीय लोगों ने सड़क की इस बदहाली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस जर्जर पहुंच पथ के गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

