तिरंगे के रंग में रंगा सीवान, भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगे के रंग में रंगा सीवान, भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब


सीवान, 13 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को सीवान शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

शहर की सड़कों पर लहराते तिरंगे और गूंजते ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा में युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का खासा उत्साह देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा में बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री केदार गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने वाला कार्यक्रम है, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करता है।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं सीवान सदर विधायक मंगल पांडेय ने कहा कि देशभर में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर आम लोगों में काफी उत्साह है। तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

विधायक करणजीत सिंह उर्फ व्यास सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता भी यात्रा में शामिल हुए। बाइक यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री मुकेश सिंह कुशवाहा, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह, अभिमन्यु सिंह, संजय पांडेय, लीलावती गिरी, लालबाबू कुशवाहा, प्रेम मांझी, हरेंद्र कुशवाहा, सुनीता जायसवाल, देवेंद्र गुप्ता, अनुराधा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती तिरंगा यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story