सीवान में आवारा कुत्तों पर बड़ी कार्रवाई: 90 प्रतिशत का हुआ एंटी-रेबीज टीकाकरण
सीवान, 18 अप्रैल (हि.स.)।
रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए सीवान जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। माननीय उच्चतम न्यायालय के 7 नवंबर 2025 के आदेश के आलोक में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के निर्देश पर नगर पंचायत महाराजगंज क्षेत्र में आवारा कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने इस अभियान को लेकर कहा कि “आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी की रोकथाम के लिए यह अभियान बेहद जरूरी था, और हमें खुशी है कि इसमें बड़ी सफलता मिली है।”
इस विशेष अभियान के तहत नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में टीमों ने सक्रिय रूप से काम करते हुए लगभग 90 प्रतिशत आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका एंटी-रेबीज टीकाकरण सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशासन का दावा है कि यह पहल न सिर्फ लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाएगी, बल्कि शहर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, साथ ही छूटे हुए क्षेत्रों में भी जल्द टीकाकरण पूरा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

