नारी शक्ति वंदन अभियान, महिलाओं को मिला नया आत्मविश्वास

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अभियान, महिलाओं को मिला नया आत्मविश्वास


सीवान, 13 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत सीवान भाजपा द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन सोमवार को किया गया, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री चांदनी पाण्डेय ने कहा कि यह अभियान महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता जायसवाल ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है और सरकारी योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। वहीं नगर परिषद सीवान की उपसभापति किरण गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की भूमिका अब घर तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे समाज, राजनीति और प्रशासन में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

उन्होंने बताया कि स्थानीय निकायों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से विकास कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता आई है। शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

डॉ. बैष्णवी बरनवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाली सोच है।

इस प्रेस वार्ता के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में उषा बैठा, सुमैया स्वेब, अर्चना गुप्ता, नीलम मिश्रा, अलका गुप्ता, मोनिका राज सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story