सीवान सदर अस्पताल के 13 विभागों का एनक्यूएएस असेसमेंट शुरू, चार दिन चलेगी गुणवत्ता की जांच
सीवान, 24 सितंबर (हि.स.)।
सीवान सदर अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत प्रमाणन दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुरू हो गई है।
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश पर सदर अस्पताल के 13 विभागों का राज्य स्तरीय असेसमेंट 24 से 27 सितंबर तक किया जाएगा।
दो सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम अस्पताल के विभिन्न विभागों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं की निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर जांच करेगी।
सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि एनक्यूएएस के तहत अस्पताल के 13 विभागों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इनमें लेबर रूम, मैटरनिटी वार्ड, पीडियाट्रिक्स ओपीडी, पीडियाट्रिक्स वार्ड, एसएनसीयू, एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी, एम-ओटी, ओपीडी, ओटी, पीपीयू, आईपीडी, फार्मेसी और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन शामिल हैं ।
प्रत्येक विभाग में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाओं और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह असेसमेंट सिर्फ एक दिन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि चार दिनों तक अलग-अलग विभागों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए चेकलिस्ट निर्धारित है और उसी के आधार पर प्रत्येक बिंदु पर मार्किंग की जाएगी।
चेकलिस्ट में शून्य, एक और दो के स्तर पर अंक दिए जाने की व्यवस्था है. मूल्यांकन के दौरान संबंधित विभाग की वास्तविक स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित मानकों के अनुपालन को देखा जाएगा।
सीएस डॉ श्रीनिवास प्रसाद के अनुसार सीवान सदर अस्पताल के राज्य स्तरीय असेसमेंट के लिए पीरामल स्वास्थ्य के असेसर गुंजन गौरव और राज्य स्वास्थ्य समिति की कंसल्टेंट-नर्सिंग डॉ. संपत्ति पाल को जिम्मेदारी दी गई है। दोनों सदस्य 24 से 27 सितंबर तक अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करेंगे।
सिविल सर्जन ने कहा कि असेसमेंट के दौरान मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के साथ साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति, अभिलेखों का रखरखाव, कर्मचारियों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण, विभागीय प्रोटोकॉल और अन्य गुणवत्ता मानकों की जांच होगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सदर अस्पताल के सभी 13 विभाग निर्धारित मानकों पर खरे उतरेंगे.असेसमेंट पूरा होने के बाद विभागवार मूल्यांकन का परिणाम सामने आएगा। इसके आधार पर यह तय होगा कि 13 में से कितने विभाग एनक्यूएएस प्रमाणन के मानकों को पूरा करते हैं।
सिविल सर्जन ने कहा कि यह प्रक्रिया अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में डीपीएम विशाल कुमार सिंह, डीपीसी इमामुल होदा,अधीक्षक डॉ अनिल कुमार सिंह,डॉ रीता सिंहा,डॉ अभिमन्यु कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

