ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु के समर्थन में सीवान में निकला जुलूस, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु के समर्थन में सीवान में निकला जुलूस, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न


सीवान, 05 मार्च (हि.स.)। ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई से जुड़े मुद्दे को लेकर गुरुवार को सीवान शहर में जुलूस निकाला गया। प्रशासन से मिली सशर्त अनुमति के बाद दोपहर करीब 2 बजे यह जुलूस पुरानी किला मैदान से शुरू होकर मखदूम सराय मोड़ होते हुए गोपालगंज मोड़ तक पहुंचा।

जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों के हाथों में बैनर और पोस्टर थे, जिनके माध्यम से वे अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे थे। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग पर लोगों की आवाजाही बनी रही।

कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और अधिकारियों की निगरानी में जुलूस आगे बढ़ा। प्रशासन की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण, अशोभनीय नारेबाजी या किसी भी समुदाय की भावना आहत करने वाली गतिविधि नहीं होनी चाहिए।

पुलिस और प्रशासन की निगरानी में यह जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि शहर में किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story