सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो डालने वाला हिरासत में, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं : एसपी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 25 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर छात्रों एवं आम लोगों को विरोध-प्रदर्शन के लिए उकसाने के मामले में सीवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि शनिवार को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान फेसबुक पर संचालित एक प्रोफाइल से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली। वीडियो में छात्रों एवं आमजन को विरोध-प्रदर्शन के लिए उकसाने तथा जिले की विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाले संदेश प्रसारित किए जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए उपलब्ध वीडियो, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एक अभियुक्त को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह वीडियो किस उद्देश्य और किसके कहने पर प्रसारित किया था। मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक या हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री को साझा करने से बचें। किसी भी पोस्ट, वीडियो या संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

एसपी पूरन कुमार झा ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल सीवान पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story