एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाला फर्जी एरिया कमांडर चिह्नित, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 12 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। खुद को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताकर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गयी है।

हालांकि, वह वास्तव में संगठन का एरिया कमांडर नहीं है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसकी जानकारी एसपी भारत सोनी ने दी। एसपी के अनुसार, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी को डाक के माध्यम से एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ था।

पत्र में प्रेषक ने अपना नाम लोहा सिंह, निवासी उनसर, थाना बोचहां, जिला मुजफ्फरपुर बताया था। उसने खुद को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताते हुए कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने 10 नवंबर 2026 को नगर थाना में लिखित आवेदन दिया था। इसके आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 1065/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

एसपी भारत सोनी ने बताया कि मामले के तकनीकी अनुसंधान और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि पत्र भेजकर खुद को भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बताने वाला व्यक्ति वास्तव में उक्त संगठन से इस हैसियत में जुड़ा हुआ नहीं है। पुलिस टीम ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story